समीपस्थ ग्राम छत्तौद स्थित रानीसागर सरकारी नर्सरी में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, आग लगने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले पास स्थित एक निजी औद्योगिक इकाई की फायर ब्रिगेड सेवा को सूचना दी। लेकिन आरोप है कि संबंधित फायर ब्रिगेड वाहन में तकनीकी खराबी होने के कारण वह मौके पर नहीं पहुंच सका।
इसके बाद ग्रामीणों ने अल्ट्राटेक बैकुंठ सीमेंट वर्क्स की फायर ब्रिगेड टीम को सूचना दी, जिसके बाद अग्निशमन वाहन तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए।
इस दौरान स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के मौसम में अग्निशमन सेवाओं को पूरी तरह तैयार रहना चाहिए था, लेकिन समय पर सहायता न मिलने से स्थिति गंभीर हो गई।
फायर ब्रिगेड की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, मौके पर पहुंची टीमों द्वारा आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
अधिकारियों द्वारा अभी तक आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की जांच की जा रही है।



0 Comments