भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव के अवसर पर तिल्दा-नेवरा में ब्राह्मण समाज के तत्वाधान में निकाली गई शोभायात्रा इस वर्ष ऐतिहासिक और भव्य रही। पूरे नगर में उत्साह, श्रद्धा और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:00 बजे विशाल बाइक रैली के साथ हुई, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद शाम 5:00 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे शहर का ध्यान आकर्षित किया।
शोभायात्रा की विशेष आकर्षण बाहर से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई जामवंत जी की आकर्षक झांकी रही, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इसके साथ ही रावत नाचा, बैंड पार्टी, डीजे की धुन और हरि कीर्तन के बीच यात्रा पूरे नगर में भ्रमण करती रही।
समाज के स्त्री-पुरुषों एवं बच्चों ने एकरूप भगवा वस्त्र धारण कर शोभायात्रा की शोभा को और बढ़ाया। बाहर से आए भजन गायकों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से भक्तिमय माहौल बना दिया।
नगर में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार, शरबत और ठंडे पेय की व्यवस्था की गई, जिससे यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया गया। इस भव्य आयोजन की पूरे शहर में सराहना हो रही है और इसे तिल्दा-नेवरा के सबसे सफल आयोजनों में से एक माना जा रहा है।
ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष श्री सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि यह आयोजन पिछले 7 दिनों से चल रहा था, जिसमें खेलकूद प्रतियोगिताएं और महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शोभायात्रा बजरंग चौक, गांधी चौक एवं सुभाष चौक होते हुए नगर भ्रमण कर वापस परशुराम भवन पहुंची और अंत में परशुराम चौक में समापन किया गया। रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भंडारा प्रसाद की भी व्यवस्था की गई।



0 Comments