Jan Jagriti JAN JAGRITI


 

Ticker

9/recent/ticker-posts

तिल्दा की बेटी आरती गुप्ता बनीं राष्ट्रीय महामंत्री सहसंयोजिका, समाज में खुशी की लहर

तिल्दा-नेवरा। 
तिल्दा की होनहार बेटी आरती गुप्ता को केसरवानी समाज की राष्ट्रीय महासभा में राष्ट्रीय महामंत्री सहसंयोजिका पद पर मनोनीत किए जाने से पूरे समाज में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर सामाजिक संगठनों, परिजनों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

आरती गुप्ता, महान समाजसेवक स्वर्गीय नत्थूलाल केसरवानी की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और परिश्रम के बल पर स्वयं की अलग पहचान बनाई है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने शिक्षिका के रूप में की, जहां उनके द्वारा पढ़ाए गए कई विद्यार्थी आज विभिन्न बड़े पदों पर कार्यरत हैं।

विवाह के बाद भी उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई और सरस्वती शिशु मंदिर में अध्यापन करते हुए बच्चों को उच्च संस्कारों की शिक्षा दी। इसके पश्चात वे इंग्लिश मीडियम स्कूल में भी शिक्षिका के रूप में कार्यरत रहीं।

सामाजिक क्षेत्र में भी आरती गुप्ता का योगदान उल्लेखनीय रहा है। वर्ष 2022 से 2025 तक वे छत्तीसगढ़ महिला केसरवानी सभा में महामंत्री पद पर रहीं, जहां उन्होंने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण कार्य किए और समाज को संगठित करने में अहम भूमिका निभाई।

उनकी सक्रिय सामाजिक भागीदारी, नेतृत्व क्षमता और समर्पण को देखते हुए अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह न केवल उनके लिए बल्कि पूरे तिल्दा और केसरवानी समाज के लिए गर्व की बात है।

इस अवसर पर केसरवानी समाज के वर्तमान अध्यक्ष महेश केसरवानी, संरक्षक राजेंद्र केसरवानी, सचिव राकेश केसरवानी, महिला सभा अध्यक्ष सुधा केसरवानी सहित समाज के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आरती गुप्ता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Post a Comment

0 Comments