इक्कीसवीं सदी के तीसरे दशक में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, तिल्दा के शाखा प्रबंधक राजीव रंजन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज साइबर अपराधियों द्वारा प्रतिदिन नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। विशेष रूप से पढ़े-लिखे और जागरूक लोग भी इनके जाल में फंस रहे हैं, इसलिए सभी को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए।
यह बातें उन्होंने छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ, तहसील शाखा तिल्दा की कर्मचारी भवन में आयोजित मासिक बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर कहीं। उन्होंने पेंशनरों एवं छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के सदस्यों को ऑनलाइन बैंकिंग, ओटीपी, यूपीआई, फर्जी कॉल और साइबर ठगी से बचने के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष भागीरथी पांसे ने अपनी सेवानिवृत्ति के उपरांत अध्यक्ष पद का कार्यभार शिवप्रसाद बर्मन को सौंपा। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने नए अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ एवं तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
संघ के महासचिव अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि समसामयिक कारणों से पिछले तीन माह से मासिक बैठक आयोजित नहीं हो सकी थी। इसलिए इस बैठक में अप्रैल, मई एवं जून माह में जन्मदिन वाले कुल 17 सदस्यों का सामूहिक जन्मोत्सव मनाया गया। सभी सदस्यों का गुलाल, श्रीफल एवं मिठाई से सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष रामावतार पांडेय ने कहा कि पेंशनरों के अधिकारों की लड़ाई में हाईकोर्ट से महत्वपूर्ण विजय मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि अब पेंशनरों को महंगाई भत्ते का लंबित एरियर शीघ्र प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में साहित्यकार एवं कवि गोपाल प्रसाद वर्मा ने अपने सुमधुर गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थितजनों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं सभी सदस्यों को समय पर आयकर रिटर्न (आईटीआर) भरने के लिए भी प्रेरित किया गया।
बैठक को जवाहरलाल सिरमौर, धरसींवा के पूर्व अध्यक्ष बीरबल धुरंधर सहित अन्य सदस्यों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में दिवंगत साथी कलीराम वर्मा एवं इंदल वर्मा को दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।



0 Comments