आपातकाल की 51वीं वर्षगांठ के अवसर पर रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों एवं उनके परिजनों का सम्मान कर उनके योगदान को नमन किया।
सम्मान समारोह में तिल्दा-नेवरा के लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय पंडित नरेंद्र मालूराम शर्मा तथा स्वर्गीय शत्रुघ्न वर्मा के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। साथ ही बी.एन.बी. हाईस्कूल नेवरा के उन विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया, जिन्होंने आपातकाल विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का एक कठिन दौर था, जिसमें अनेक लोगों ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। ऐसे लोकतंत्र सेनानियों का साहस, त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा सहित लोकतंत्र सेनानी संगठनों के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने भी लोकतंत्र सेनानियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनका संघर्ष सदैव याद रखा जाएगा। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित कराना तथा आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा करने वाले सेनानियों के त्याग और बलिदान को सम्मान देना रहा।



0 Comments