राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली के निर्देशन तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के तत्वावधान में जागृति योजना 2025 के अंतर्गत वरिष्ठजनों के अधिकार, सशक्तिकरण एवं गरिमा विषय पर विशेष विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन सिंधी पंचायत भवन, सिंधी कैंप नेवरा में किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन माननीय अध्यक्ष जिला न्यायाधीश बलराम प्रसाद वर्मा के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के सचिव अविनाश कुमार दुबे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर में तालुका विधिक सेवा समिति तिल्दा के अध्यक्ष एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी भावेश कुमार वट्टी ने उपस्थित वरिष्ठजनों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को नालसा एवं सालसा द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि जरूरतमंद नागरिक बिना किसी शुल्क के कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही नालसा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवाएं योजना 2026 तथा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम 2007 के प्रावधानों, उद्देश्यों और लाभों की जानकारी भी दी गई।
शिविर के दौरान वरिष्ठजनों को उनके अधिकारों के संरक्षण, कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने भी विभिन्न कानूनी विषयों पर अपने प्रश्न रखे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया।



0 Comments