Jan Jagriti JAN JAGRITI


 

Ticker

9/recent/ticker-posts

स्वामी आत्मानंद स्कूल की छात्राओं ने किया थाने का भ्रमण, पुलिस कार्यप्रणाली और कानून की ली जानकारी

तिल्दा-नेवरा
स्वामी आत्मानंद स्कूल तिल्दा-नेवरा की छात्राओं ने स्थानीय पुलिस थाना का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और भविष्य में देश सेवा के लिए प्रेरणा ली।

भ्रमण के दौरान छात्राओं ने थाना परिसर के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया, जिसमें काउंटर, मालखाना, बंदी गृह, लॉकअप, कम्प्यूटर रूम और थाना प्रभारी कक्ष शामिल रहे। साथ ही उन्हें हथियार, वायरलेस सिस्टम, पुलिस सुरक्षा कवच और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
इस मौके पर थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने छात्राओं को पुलिस के कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने छात्राओं को गुड टच-बैड टच के बारे में जागरूक किया और अनैतिक व्यापार अधिनियम के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।

इसके अलावा पुलिस थानों में संचालित महिला डेस्क, परिवार परामर्श केंद्र, ऊर्जा डेस्क और निर्भया पेट्रोलिंग के बारे में भी बताया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पॉक्सो एक्ट के तहत नाबालिग बालिकाओं को घूरना या लगातार पीछा करना भी संज्ञेय अपराध है, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई जा सकती है। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय द्वारा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर जारी दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी गई।

इस दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्राओं के सवालों का जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया और थाना स्तर पर होने वाली विभिन्न कार्यवाहियों के बारे में विस्तार से बताया।
छात्राओं को ट्रैफिक नियमों, महिला अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कर्तव्यों की जानकारी देते हुए यह भी बताया गया कि किसी प्रकार की प्रताड़ना की स्थिति में वे निर्भीक होकर स्कूल के सूचना बॉक्स में शिकायत दर्ज कर सकती हैं।
प्राचार्य ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और उनमें नई सीख व जागरूकता विकसित होती है।

इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक तोरण चक्रधारी एवं वेद प्रकाश साहू सहित अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।

Post a Comment

0 Comments