सुबह झूलेलाल मंदिर में भगवान का विधिवत जलाभिषेक कर उन्हें नए वस्त्र धारण कराए गए। इसके बाद विशेष पूजा-अर्चना एवं महाआरती आयोजित की गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
सुबह 10 बजे मंदिर से भव्य बाइक रैली निकाली गई, जिसका नेतृत्व रोशन आहूजा, धनराज खत्री, विकास कोटवानी, जयपाल माधवनी, दिनेश खत्री और विपिन खुब्वानी ने किया। रैली का विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत हुआ। स्टेशन चौक पर व्यापारी संघ द्वारा आतिशी स्वागत एवं मिष्ठान वितरण किया गया। हेमू कॉलोनी चौक, कपड़ा मार्केट, वेलकम डेली नीड्स और गुरु नानक चौक सहित कई स्थानों पर रैली का जोरदार स्वागत किया गया।
इसके एक दिन पूर्व गुरुवार शाम को समाज की महिलाओं द्वारा विशाल बाइक रैली निकाली गई। “आयो लाल झूलेलाल” के जयकारों के साथ महिलाएं भगवा ध्वज लहराते हुए नृत्य करती नजर आईं। रैली का कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
दोपहर 12:30 बजे झूलेलाल मंदिर में आम लंगर का आयोजन हुआ, जिसमें 5 हजार से अधिक लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर कांग्रेसी नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी एवं भाजपा के पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल ने मंदिर पहुंचकर भगवान झूलेलाल के दर्शन कर समाज को शुभकामनाएं दीं।
दोपहर 2 बजे बहराणा साहब को सजाया गया, जहां महिलाओं ने भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। शाम 5 बजे झूलेलाल मंदिर से भगवान की मूर्ति को सजे हुए रथ पर विराजित कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में विशाल मछली की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
युवाओं ने “घोड़े ते आयो मोहिजो लाल” भजन पर नृत्य करते हुए पूरे नगर में उत्साह का माहौल बना दिया। स्टेशन चौक, दीनदयाल चौक सहित कई स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत कर शरबत, आइसक्रीम और मिष्ठान का वितरण किया गया। दीनदयाल चौक पर भव्य आतिशबाजी का आयोजन हुआ, जिसे देखने हजारों लोग उमड़े।शोभायात्रा में सिंधी डांडिया नृत्य और महिलाओं की झूमिर विशेष आकर्षण रहे। अंत में बड़े तालाब में बहराणा साहब की ज्योत का विसर्जन कर समाज, प्रदेश, देश एवं विश्व में शांति और समृद्धि की कामना की गई।
इस भव्य आयोजन में समाज के हजारों लोग शामिल हुए और पूरे नगर में भक्ति एवं उत्सव का माहौल बना रहा।



0 Comments