Jan Jagriti JAN JAGRITI


 

Ticker

9/recent/ticker-posts

दहशत फैलाने निकले थे चाकूबाज... , पुलिस की एंट्री और निकल गई हेकड़ी

गणेश पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तिल्दा पुलिस की कार्रवाई

तिल्दा-नेवरा। गणेश पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने और भय का वातावरण पैदा करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जिला रायपुर श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती चंचल तिवारी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा की गई।

गणेश पर्व को देखते हुए थाना क्षेत्र में अड्डेबाजी, चाकूबाजी तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी एवं सघन जांच कर रही थी।

अभियान के दौरान पुलिस ने ग्राम तुलसी के साईंधाम रोड एवं सिंचाई कॉलोनी तुलसी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक आरोपी साहिल ध्रुव उर्फ लक्की एवं गणेश ध्रुव, निवासी ग्राम केवतरा सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो नग धारदार चाकू एवं एक नग मोटरसाइकिल स्प्लेंडर बरामद कर जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।

थाना तिल्दा-नेवरा प्रभारी रमाकांत तिवारी ने कहा कि गणेश पर्व के दौरान सार्वजनिक शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था पुलिस की प्राथमिकता है। असामाजिक तत्वों, अड्डेबाजों एवं चाकूबाजी जैसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने, लोगों में भय उत्पन्न करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक एवं निरोधात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों में कानून का भय बनाए रखने का संदेश गया है।

Post a Comment

0 Comments