Jan Jagriti JAN JAGRITI


 

Ticker

9/recent/ticker-posts

नितिन गडकरी से दीपक शर्मा की मुलाकात, सिमगा-तिल्दा-नेवरा-खरोरा-आरंग मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग

तिल्दा-नेवरा। भारतीय जनता पार्टी आर्थिक प्रकोष्ठ रायपुर जिला ग्रामीण के जिला संयोजक दीपक शर्मा ने नागपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से सार्थक एवं सकारात्मक मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में सड़क एवं परिवहन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान दीपक शर्मा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को छत्तीसगढ़ के राजकीय गमछे एवं प्रतीक चिन्ह से सम्मानित किया। राजकीय गमछे को देखकर नितिन गडकरी ने इसके बारे में जानकारी ली। इस पर दीपक शर्मा ने उन्हें बताया कि यह छत्तीसगढ़ के राजकीय सम्मान एवं संस्कृति का प्रतीक है।

सिमगा-तिल्दा-नेवरा-खरोरा-आरंग मार्ग को लेकर रखी मांग

दीपक शर्मा ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष छत्तीसगढ़ राज्य मार्ग क्रमांक-20 के सिमगा-तिल्दा-नेवरा-खरोरा-आरंग मार्ग की महत्वपूर्ण भूमिका को रखा। उन्होंने बताया कि करीब 70 किलोमीटर लंबा यह मार्ग कई राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कनेक्टिंग रूट है। विभिन्न मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने पर इस सड़क का उपयोग रूट डायवर्जन/रूट चेंज के लिए भी किया जाता है, जिसके कारण इस मार्ग पर यातायात का दबाव काफी अधिक रहता है।

उन्होंने मांग रखी कि इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण कनेक्टिंग मार्ग के रूप में विकसित करने के साथ-साथ केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) से इसका चारलेन निर्माण कराया जाए।

नितिन गडकरी ने NHAI अधिकारियों को दिए निर्देश

दीपक शर्मा की मांग पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने संबंधित NHAI अधिकारियों को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री के स्तर से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद क्षेत्र में सड़क सुविधा के विस्तार और यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है।

बताया गया कि इस मार्ग के चारलेन होने से सिमगा, तिल्दा-नेवरा, खरोरा और आरंग सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ यातायात दबाव को कम करने में मदद मिल सकती है।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी तिल्दा-नेवरा शहर उपाध्यक्ष सौरभ जैन भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments