Jan Jagriti JAN JAGRITI


 

Ticker

9/recent/ticker-posts

धूमधाम से मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव, हवन-पूजन व भंडारे से भक्तिमय हुआ माहौल

तिल्दा नेवरा:
नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालु प्रसाद व पूजा सामग्री लेकर हनुमान मंदिरों में पहुंचने लगे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मंगलकामना की।
विभिन्न मंदिरों में संगीतमय रामायण पाठ, हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। शुभ मुहूर्त में भक्तों ने भगवान हनुमान की मूर्ति पर गुलाब की माला, चोला और सिंदूर अर्पित कर मनोकामनाएं मांगीं। कई श्रद्धालुओं ने पीपल के पत्तों पर “श्रीराम” लिखकर भी अर्पित किया।

हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पूरे नगर में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। हवन-पूजन के पश्चात विभिन्न स्थानों पर भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। प्रसाद के रूप में खीर-पूड़ी, हलवा, फल, आइसक्रीम, कड़ी-चावल और शरबत जैसी सामग्री वितरित की गई, जिसे लोगों ने कतारबद्ध होकर ग्रहण किया।
स्थानीय बजरंग चौक मंदिर में सुबह पूजा-अर्चना और आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों से आई भजन मंडलियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। दोपहर 12 बजे शहरवासियों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया।
प्रातः 10 बजे स्थानीय शनि मंदिर स्थित हनुमान मंदिर में अरुण अग्रवाल (रायखेड़ा) द्वारा हवन-पूजन और जाप का आयोजन किया गया तथा अपने निवास स्थान पर भी प्रसाद वितरण किया गया।
आजाद चौक स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में 24 घंटे का रामायण पाठ बाहर से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद भंडारा आयोजित हुआ। वहीं जगन्नाथ मंदिर में भी बड़े बालाजी की पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण किया गया।
रात्रि में श्याम राइस मिल प्रांगण में भव्य आयोजन हुआ, जहां बाहर से आए कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। 
शहर में स्थित एकमात्र पंचमुखी बालाजी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे दिन आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

Post a Comment

0 Comments